कांकेर : घर के किचन में घुसकर बैठा तेंदुआ..रेस्क्यू जारी, जाली-पिंजरा लगाकर बाहर निकलने का कर रहे इंतजार

छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले में एक तेंदुए का शावक घर के किचन में कैद हो गया है। 21 जून की सुबह 6 बजे दुधावा गांव में तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया। वहां चाचा भतीजे मौजूद थे। तेंदुए ने वेद प्रकाश पर हमला भी किया। उनके पैर में गंभीर चोट आई है। मामला वन परिक्षेत्र सरोना का है। जैसे तैसे घर के सदस्य बाहर निकले लेकिन तेंदुआ अंदर ही रह गया। वन विभाग के अधिकारी तेंदुए को पकड़ने के लिए जाली और पिंजरा लगाने की कार्रवाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है गांव की गलियों में घूमते हुए तेंदुआ वेद प्रकाश के निर्माणाधीन घर में घुसा था। तभी घर से निकल रहे वेद प्रकाश नेताम की तेंदुए से आमना-सामना हुआ। दोनों एक-दूसरे को देखकर अलग दिशाओं में भागे। तेंदुआ घर के अंदर चला गया और वेद प्रकाश बाहर आ गए। तभी उन्हें याद आया कि उनका भतीजा डिकेश्वर नेताम अंदर सो रहा है। भतीजे को बचाने के लिए वापस जाने पर तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। घायल वेद को प्राथमिक उपचार के बाद रेबीज इंजेक्शन के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।

महज एक हफ्ते पहले 11 जून को इसी गांव में एक नर तेंदुआ पकड़ा गया था। उसे आदमखोर माना जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कुल 4 तेंदुए देखे गए थे। एक पकड़ा जा चुका है और तीन अभी भी जंगल में हैं। आज जो तेंदुआ घर में घुसा, वह एक शावक था। हालांकि वन विभाग ने तीन तेंदुओं की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है। तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *