‘तो उसका भी हश्र खामेनेई जैसा होगा…’, इजरायल के रक्षा मंत्री ने खाई कसम

अयातुल्ला खामेनेई के जनाजे के बहाने अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे ईरान को इजरायल ने धमकी दी है. इजरायल ने कहा है कि ईरान को कोई भी भविष्य का नेता जो इजरायल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा उसका हश्र अली खामेनेई जैसा होगा. अली खामेनेई 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल के हमले में मारे गए थे.
अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कसम खाई है कि भविष्य में जो भी ईरानी नेता इज़रायल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उनका भी वही हश्र होगा जो खामेनेई का हुआ. काट्ज़ का कहना है कि खामेनेई की हत्या इज़रायल ने इसलिए की क्योंकि उन्होंने इज़रायल को खत्म करने की योजना शुरू की थी और उसका नेतृत्व किया था.

उन्होंने कहा, “जो मारने निकला था उसे ही मार दिया गया. जो भी ईरानी नेता दोबारा इजरायल को खत्म करने की योजना को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा, उसे भी नाकाम कर दिया जाएगा.”

उनका कहना है कि अंतिम संस्कार में शामिल लोगों की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बदला लेने की मांगें “शर्मनाक हैं और अयातुल्ला शासन की असली प्रकृति को दर्शाती हैं.”

काट्ज ने इस बात पर जोर दिया है कि भले ही ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका-इज़रायल की लड़ाई ने “इज़राइल के विनाश के तत्काल ख़तरे को खत्म कर दिया और ईरान की रणनीतिक क्षमताओं को काफ़ी नुकसान पहुंचाया,” फिर भी यरूशलम सतर्क है और “किसी भी समय और किसी भी ख़तरे के खिलाफ एक बार फिर अकेले ही अपनी रक्षा करने के लिए तैयार है.”