कोहली के टी-20 में सबसे तेज 14 हजार रन, 12वीं बार 400+ रन बनाए, IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले प्लेयर भी बने
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में विराट कोहली ने कई रिकार्ड्स बना डाले। कोहली ने नाबाद 105 रन की पारी खेली। इसी के साथ वे टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। कोहली ने IPL में 12वीं बार 400+ रन का आंकड़ा भी पार किया। वे लीग इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी बने। विराट कोहली IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। RCB के लिए खेलते हुए उन्होंने अपना 279वां मुकाबला खेला और महेंद्र सिंह धोनी व रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। धोनी और रोहित ने IPL में 278-278 मैच खेले हैं। कोहली के नाम अब IPL में 9000 से ज्यादा रन हो चुके हैं। उन्होंने 279 मैचों में 9 शतक और 66 फिफ्टी की मदद से 9145 रन बनाए हैं।
कोहली ने IPL में अपना 9वां शतक जड़ दिया और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के रिकॉर्ड को और मजबूत कर लिया। जोस बटलर 7 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने टी-20 क्रिकेट में अपना 10वां शतक भी लगाया। इसके साथ ही वह सबसे ज्यादा टी-20 सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में डेविड वॉर्नर की बराबरी पर पहुंच गए। क्रिस गेल 22 शतकों के साथ इस फॉर्मेट में सबसे आगे हैं, जबकि बाबर आजम के नाम 13 सेंचुरी दर्ज हैं। कोहली ने रनचेज करते हुए IPL में अपना तीसरा शतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने जोस बटलर की बराबरी कर ली। IPL इतिहास में सबसे ज्यादा चेजिंग सेंचुरी अब बटलर और कोहली के नाम हैं।
विराट कोहली IPL में दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 2-2 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने गुजरात लॉयंस और कोलकाता नाइट राइडर्स, दोनों के खिलाफ दो-दो सेंचुरी लगाई हैं। कोहली ने टी-20 क्रिकेट में 14 हजार रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह सबसे कम पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए। कोहली ने यह उपलब्धि सिर्फ 409 पारियों में हासिल की। उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 423 पारियों में 14 हजार टी-20 रन पूरे किए थे। कोहली ने IPL में सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। कोलकाता के खिलाफ मैच जिताऊ शतक लगाने के बाद कोहली को 21वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब उनके और रोहित शर्मा, दोनों के नाम IPL में 21-21 प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हो गए हैं।
इस लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी 18 अवॉर्ड के साथ तीसरे, जबकि रवींद्र जडेजा और केएल राहुल 17-17 अवॉर्ड के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। कोहली ने IPL इतिहास में सबसे ज्यादा सीजन में 400+ रन बनाने का रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। यह 12वां सीजन है, जब कोहली ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर 9 सीजन के साथ डेविड वॉर्नर हैं।
