IPL में आज पंजाब-मुंबई का मुकाबला, किंग्स पर लगातार 4 हार का प्रेशर, गेंदबाजी कमजोर
IPL में गुरुवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जाएगा। यह मैच धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में होगा। मुकाबले का टॉस शाम 7 बजे होगा। इस मैच में पंजाब पर लगातार 4 मैच हारने का दबाव होगा। उसके लिए मुंबई इंडियंस चुनौती बन सकती है। मुंबई ने पिछले मैच में रायपुर में बेंगलुरु को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि, भुवनेश्वर के छक्के से बेंगलुरु को जीत मिली थी। पंजाब की सबसे बड़ी परेशानी उसकी गेंदबाजी है। कप्तान श्रेयस अय्यर भी यह मान चुके हैं। उन्होंने कहा था- ‘टूर्नामेंट की शुरुआत में बैटर्स के शानदार प्रदर्शन से गेंदबाजी की कमजोरियां सामने नहीं आईं, लेकिन अब यह चिंता का विषय बन गई हैं।’
पंजाब और मुंबई का हेड-टु-हेड रिकॉर्ड बराबरी पर है। दोनों टीमों के बीच 35 मैच खेले गए हैं। दोनों ने 17-17 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा। आज जीतने वाली टीम बढ़त हासिल करेगी।
इस सीजन पंजाब किंग्स के लिए कूपर कोनोली शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 मैचों में 415 रन बनाए हैं। उनके नाम 1 शतक और 2 अर्धशतक हैं। उनका स्ट्राइक रेट 168.01 रहा है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 11 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 3 विकेट रहा है।
मुंबई इंडियंस के लिए रायन रिकेल्टन ने 9 मैचों में 382 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 188.17 रहा है। गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर ने 9 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर 2 विकेट रहा है।
अर्शदीप सिंह की अगुवाई वाले पेस अटैक का इकोनॉमी रेट इस सीजन में सभी 10 टीमों में सबसे खराब रहा है। लॉकी फर्ग्यूसन और बेन ड्वार्शिस जैसे बदलावों के बावजूद टीम लय नहीं पकड़ पा रही है। इस पिच पर युजवेंद्र चहल को प्लेइंग-11 में जगह मिलती है या नहीं, यह देखना होगा। यह सीजन मुंबई के सबसे खराब सीजन में से एक है। टीम 11 में से सिर्फ 3 मैच जीत सकी है और 6 अंक के साथ 9वें स्थान पर है। कप्तान हार्दिक पंड्या हल्की चोट के कारण पिछले 2 मैचों से बाहर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर रहे हैं। वे खुद पिछले एक साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। धर्मशाला में बुमराह और बोल्ट की गेंदबाजी पर नजर रहेगी।
