कोहली IPL में 800 चौके लगाने वाले पहले बैटर, 300 सिक्स भी पूरे, चिन्नास्वामी में बेंगलुरु की 50वीं जीत
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। इस जीत के हीरो रहे विराट कोहली, जिन्होंने 81 रन की शानदार पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। कोहली IPL में 800 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने, साथ ही उन्होंने 300 छक्कों का आंकड़ा भी छू लिया। वे लीग में 9 हजार रन के करीब भी पहुंच गए हैं और इस बड़े माइलस्टोन से महज 11 रन दूर हैं। बेंगलुरु ने अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 50वीं जीत दर्ज कर एक और उपलब्धि हासिल की। वहीं गुजरात की पारी में साई सुदर्शन ने शतक जड़ते हुए क्रुणाल पंड्या की बाउंसर पर एक हाथ से शानदार छक्का लगाकर मैच का यादगार मोमेंट भी दिया।
कोहली ने गुजरात के खिलाफ 44 गेंद पर 81 रन बनाए। वे IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम 266 पारियों में 8989 रन दर्ज हैं। दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम आता है, जिन्होंने 271 पारियों में 7183 रन बनाए हैं। कोहली ने शुक्रवार को 8 चौके जड़े। इसके साथ ही उन्होंने IPL में अपने 800 चौके भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा 807 चौके लगाए हैं। उनके बाद शिखर धवन हैं, जिन्होंने 768 चौके लगाए हैं। 663 चौकों के साथ डेविड वॉर्नर तीसरे नंबर पर हैं।
कोहली ने मैच में 81 रन की पारी के दौरान 4 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने IPL में अपने 300 छक्के भी पूरे कर लिए। यह आंकड़ा पार करने वाले वह तीसरी खिलाड़ी हैं। IPL में सबसे छक्के क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 357 छक्के लगाए हैं। रोहित शर्मा 310 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
