IPL में आज दूसरा मैच राजस्थान vs हैदराबाद, इस सीजन दूसरी बार होगा सामना
IPL 2026 में आज दो मैच खेले जाएंगे। 36वें मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाला यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों का इस सीजन दूसरी बार सामना होगा। इससे पहले 13 अप्रैल को खेले गए मैच में हैदराबाद ने राजस्थान को 57 रन से हराया था। इस सीजन दोनों टीमों का आठवां मैच होगा। राजस्थान ने 7 में से 5 और हैदराबाद ने 4 मैच जीते हैं। SRH पिछले तीन मैच लगातार जीती है।
राजस्थान और हैदराबाद के बीच अब तक कुल 22 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स केवल 9 मैच जीतने में सफल रही है। हालांकि, अपने होम ग्राउंड पर राजस्थान इस रिकॉर्ड को सुधारने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
सवाई मानसिंह स्टेडियम RR का दूसरा होम ग्राउंड है। यहां दोनों टीमों के बीच चार मैच खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 2-2 मैच जीते हैं।
राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीजन में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सबको प्रभावित किया है। उन्होंने 7 मैचों में 220.86 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 254 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर टीम की मुख्य कड़ी हैं। आर्चर ने 7 मैचों में 11 विकेट झटके हैं और उनका इकोनॉमी रेट 7.96 का रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा रन मशीन साबित हो रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 1 शतक और 2 अर्धशतकों की मदद से 323 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 215.33 का है। गेंदबाजी विभाग में ईशान मलिंगा कहर बरपा रहे हैं। मलिंगा ने 7 मैचों में 12 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में खुद को बनाए रखा है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 रन देकर 4 विकेट रहा है।
