कोरबा : सांड ने सींग से उठाकर पटका, फिर घूरता रहा, बाजार जा रहा था शख्स, हालत नाजुक
छत्तीसगढ़ के कोरबा में बुधवार सुबह सांड ने 55 साल का शख्स को सिंग से उठाकर पटक दिया। व्यक्ति बेसुध होकर पड़ा रहा। इसके बाद सांड उसे घूरता रहा। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह सांड पिछले कई दिनों से बस्ती के आसपास घूम रहा था। वह राहगीरों और दोपहिया वाहन सवारों को दौड़ाकर सींग मारकर घायल कर देता है। छोटे लाल के अलावा 5-6 अन्य लोगों पर भी हमला हुआ। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से इस खूंखार सांड को तुरंत पकड़ने की मांग की है। पार्षद ने इसे गौ सेवा केंद्र या पशु आश्रय गृह भेजने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो और भी लोग इस सांड के हमले का शिकार हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े और लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि शहर की सड़कों पर गाय, बैल और सांडों का कब्जा है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम जनता की जान खतरे में है। लोगों ने प्रशासन से मवेशियों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने की मांग की है। नगर निगम के अधिकारियों ने सांड को पकड़ने के लिए टीम भेजने का आश्वासन दिया है। उन्होंने लोगों से तब तक सावधानी बरतने की अपील की है।
