CG : रायगढ़ स्टील प्लांट के फर्नेस में ब्लास्ट, 4 मजदूर बुरी तरह झुलसे, मची अफरा तफरी
छत्तीसगढ़ : रायगढ़ जिले में एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया है. इस बार रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हादसा हुआ है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार संयंत्र के फर्नेस में ब्लास्ट हो गया है, जिससे चार मजदूर बुरी तरह से झुलस गए हैं. हादसे में घायल मजदूरों को इलाज के लिए रायगढ़ जिला मुख्यालय के एपेक्स अस्पताल में लाया गया है. जहां सभी का इलाज किया जा रहा है. चारों घायल मजदूरों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है. एक मजदूर का हाथ टूटा है और अन्य सभी 10% तक झुलस गए हैं. हाल फिलहाल में रायगढ़ और आसपास के क्षेत्र में यह दूसरा बड़ा हादसा है. बीते 14 अप्रैल को सक्ती जिले में मौजूद वेदांता समूह के पावर प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ था. जिसमें 25 मजदूरों की मौत हुई थी. कई मजदूर घायल भी हुए थे.
ताजा दुर्घटना बुधवार के दोपहर की बताई जा रही है. जिसमें प्राप्त जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में सामान्य रूटीन की तरह काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक फर्नेस में एक बड़ा धमाका हुआ. इस धमाके की चपेट में वहां काम करने वाले मजदूर आ गए. संयंत्र में काम कर रहे मजदूर अमरेश कुमार, रामनाथ, उजेंद्र और फिरोज गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए हैं.
औद्योगिक सूत्रों के अनुसार संयंत्र को ठंडा रखने वाले मॉइश्चराइजर में खराबी आने की वजह से यह धमाका हुआ है. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. विस्तृत जानकारी जांच पूरी हो जाने के बाद ही मिलेगी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं. परिस्थितियों को नियंत्रित करने के साथ ही मजदूरों को इलाज के लिए भेजा गया है.
औद्योगिक हादसों के लिहाज से छत्तीसगढ़ फिलहाल संवेदनशील बना हुआ है. लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं. रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हुए हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल मौके पर पहुंच गए हैं.
