कूनो नेशनल पार्क से आई खुशखबरी, ‘गामिनी’ ने दिया चार शावकों को जन्म
चीता प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता ‘गामिनी’ ने 4 शावकों को जन्म दिया है। ‘गामिनी’ का जन्म भी भारत में हुआ था। भारत में चीतों के पुनर्वास के लिए उन्हें कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया में शेयर की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुशखबरी शेयर की है। उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा- “अब मध्य प्रदेश चीतों के ‘पुनरुद्धार’ का भी मुख्य केंद्र बन रहा है। ‘गामिनी’ से जन्मी भारतीय मूल की 25 माह आयु की मादा चीता द्वारा खुले जंगलों में 4 शावकों को जन्म देना इस बात का प्रमाण है कि मध्य प्रदेश की धरती चीतों के वंश विस्तार के लिए पूरी तरह अनुकूल है।”
सीएम मोहन यादव ने लिखा- “प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता सफल हो रही है। कूनो के प्रबंधकों और वन्यजीव चिकित्सकों को बहुत-बहुत बधाई।”
‘गामिनी’ के चार शावकों के जन्म के बाद से देश में चीतों की संख्या बढ़ गई है। अब भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 57 हो गई है। इसमें कूनो में जन्मे शावक और बाहर से लाए गए चीते हैं।
कूनो प्रबंधन के अनुसार, ‘गामिनी’ और उसके चारों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। वन विभाग की टीम उन पर 24 घंटे निगरानी रख रही है। प्रबंधन के अनुसार, शावकों का जन्म खुले में होना इस बात का प्रमाण है कि कूनो का पर्यावरण चीतों के लिए अनुकूल हो गया है। इस सफलता के बाद उम्मीद है कि भारत में चीतों की संख्या तेजी से बढ़ेगी।
