पटना के ‘पावर सेंटर’ 10 सर्कुलर रोड से लालू परिवार की विदाई, राबड़ी के आवास से रातोरात शिफ्ट हुआ सामान
बिहार की सियासत में करीब दो दशकों तक सत्ता और विपक्ष की धुरी रहा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का ’10 सर्कुलर रोड’ बंगला अब खाली होने होने लगा है. राबड़ी देवी को राज्य सरकार द्वारा जारी नोटिस के बाद अब वहां से सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. गुरुवार देर रात इस आवास से पिक-अप वैन के जरिए सामान बाहर निकलते देखा गया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह समाना किस स्थान पर भेजा गया है. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, देर रात तक पिकअप वाहनों की आवाजाही जारी रही. नई सरकार के गठन के बाद भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को एक महीने पहले बंगला खाली करने का निर्देश दिया था. 2006 से 10 सर्कुलर आवास में रह रहे लालू परिवार के लिए सरकार ने हार्डिंग रोड में नया आवास आवंटित किया है.
हालांकि, तब आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने इस आदेश का कड़ा विरोध किया था और इसे राजनीतिक विद्वेष बताया था. लेकिन अब सामान की शिफ्टिंग से स्पष्ट हो गया है कि परिवार ने बंगला खाली करने का मन बना लिया है.
साल 2005 में सत्ता गंवाने के बाद लालू-राबड़ी परिवार ‘1 अणे मार्ग’ से निकलकर ’10 सर्कुलर रोड’ में शिफ्ट हुआ था. तब से यह आवास राजद की हर छोटी-बड़ी गतिविधि का गवाह रहा है. पटना के महुआबाग इलाके में लालू-राबड़ी परिवार का निजी बंगला भी लगभग तैयार है. कहा जा रहा है कि भविष्य में लालू परिवार उसी निजी आवास में शिफ्ट हो सकता है.
