तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बना लालू ने सौंपा ताज, राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़ा फैसला
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद रविवार को पटना में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है। राजनीतिक दृष्टिकोण से इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक में तेजस्वी यादव को पार्टी का नेतृत्व सौंपने का फैसला लिया गया। तेजस्वी यादव को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव भोला प्रसाद यादव ने रखा, जबकि पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने खुद इसका ऐलान किया। लालू प्रसाद यादव ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के ऐलान के बाद उन्हें एक सर्टिफिकेट भी सौंपा। जबकि तेजस्वी यादव ने पैर छूकर लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले का हाथ उठाकर स्वागत किया। वहीं तेजस्वी यादव ने भी हाथ जोड़कर सभी पार्टी नेताओं का अभिवादन किया। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को आरजेडी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर सांसद मीसा भारती ने बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी और बिहार के लोगों के लिए खुशी की बात है। आरजेडी में अब एक अध्यक्ष और एक कार्यकारी अध्यक्ष हैं। हम उनके नेतृत्व में काम करेंगे। इस बारे में मीटिंग में चर्चा हुई है। तेजस्वी को एक बड़ी ज़िम्मेदारी दी गई है।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की सेहत लगातार खराब चल रही है। इस कारण अब तेजस्वी यादव को कमान सौंपने का फैसला लिया गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि लालू प्रसाद खराब स्वास्थ्य के कारण सार्वजनिक कार्यक्रमों में काफी कम नजर आते हैं। डॉक्टरों की सलाह पर कभी-कभी ही बड़ी बैठकों में हिस्सा लेते हैं. जिसके कारण कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटे, इस कारण तेजस्वी यादव को नेतृत्व सौंपने का फैसला लिया गया।
