बस्तर में भारी भूस्खलन….500 मीटर ऊंचे सरगीगुड़ा पहाड़ से गिरे बड़े-बड़े पत्थर…हुआ समतल

छत्तीसगढ़ : बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में लगातार हो रही भारी बारिश से सरगीगुड़ा गांव के पास बड़ा भूस्खलन हुआ। बुधवार को हुई इस घटना में सरगीगुड़ा पहाड़ का लगभग 500 मीटर ऊंचा हिस्सा बहकर समतल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार पहाड़ टूटकर बड़े.बड़े पत्थर नीचे गिरने लगे लेकिन गांव की आबादी लगभग 300 मीटर दूर होने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक सर्वे में पता चला कि लगभग 5 एकड़ क्षेत्रफल में फैला यह पहाड़ पूरी तरह समतल हो गया है।

लालगुड़ा पंचायत के सरगीगुड़ा के अलावा बास्तानार पहाड़ में भी भूस्खलन की घटना दर्ज हुई। इससे कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। विभाग के कर्मचारी दोनों पहाड़ों का विस्तृत सर्वे कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार भारी बारिश से पहाड़ियों की मिट्टी और चट्टानें ढीली होकर नीचे खिसक रही हैं जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इतनी तेज बारिश नहीं देखी थी। बुधवार को मूसलधार बारिश के कारण सभी ग्रामीण अपने घरों में दुबके रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पहाड़ का मलबा गांव की दिशा में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। चित्रकोट उप वन मंडलाधिकारी ने पर्यटकों और ग्रामीणों से अपील की है कि बरसात के दौरान पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करें।

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर में मानसून का असर बरकरार है। शुक्रवार को जिले में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई जबकि तापमान 24° C से 30°C के बीच रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed