बड़ी खबर : वैष्णो देवी में लैंडस्लाइड, कई लोग घायल, डोडा में बादल फटा..

वैष्णो देवी में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड में कुछ लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू जारी है। खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यह जानकारी दी है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आज मंगलवार को कई जगहों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 10 से 15 घर बह गए। डोडा में पिछले 24 घंटे के दौरान 4 लोगों की मौत हुई है। हालांकि ये मौतें किन इलाकों में हुईं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। एक अधिकारी ने बताया कि दो लोगों की मौत घर गिरने से हुई, जबकि दो की मौत लगातार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ में हुई। जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिन से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है।
दो दिनों के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं। कई सड़कें और रेल सेवाएं ठप हैं। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे भी बंद हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई है। इससे पहले, किश्तवाड़ जिले के चसोटी गांव में 14 अगस्त को बादल फटा था। इसमें 65 लोगों की मौत हुई थी। 200 लोग अब भी लापता हैं। बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में मचैल माता यात्रा के लिए पहुंचे कई श्रद्धालु, उनकी बसें, टेंट, लंगर और दुकानें बह गई थीं।