थलापति विजय की ‘जन नायकन’ लीक करने पर 6 गिरफ्तार, 300 से ज्यादा पाइरेटेड लिंक हटाए गए

थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ के इंटरनेट पर लीक होने के मामले में तमिलनाडु साइबर क्राइम विंग ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर फिल्म के क्लिप्स और मूवी को ऑनलाइन लीक करने का आरोप है। रिपोर्टस के अनुसार इन लोगों ने क्लाउड स्टोरेज और शेयर्ड ड्राइव लिंक के जरिए फिल्म को सोशल मीडिया पर फैलाया था।

साइबर क्राइम विंग ने फिल्म की पायरेसी को रोकने के लिए स्पेशल टीमें बनाई थीं। इन टीमों ने अब तक इंटरनेट से 300 से ज्यादा अवैध लिंक ट्रैक करके उन्हें हटा दिया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए लोगों के फोन और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। अथॉरिटीज अभी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, वेबसाइट्स और फाइल-शेयरिंग ऐप्स पर नजर रखे हुए हैं ताकि फिल्म को और ज्यादा लीक होने से बचाया जा सके।

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट, कॉपीराइट एक्ट और सिनेमैटोग्राफ एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने फिल्म को शेयर करने के लिए क्लाउड स्टोरेज डिजिटल तकनीक का सहारा लिया था ताकि वे पकड़ में न आ सकें। फिलहाल सभी 6 आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए हैं।

फिल्म के मेकर्स ‘KVN प्रोडक्शंस’ ने एक आधिकारिक बयान जारी कर लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अवैध लिंक को शेयर न करें। उन्होंने कहा, “हम ‘जन नायकन’ के एक्सक्लूसिव कॉपीराइट मालिक हैं। हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों ने गैरकानूनी तरीके से फिल्म के सीन और क्लिप्स को कॉपी करके सर्कुलेट किया है, जो डिजिटल पायरेसी का गंभीर मामला है।”