‘दूल्हा तू दुल्हन मैं…’ लहंगे वाली बाइक राइडर ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बनाए रील

मुरादाबाद में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग अब अपनी और दूसरों की जान तक खतरे में डालने लगे हैं. दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दुल्हन की तरह सज-धजकर बाइक चलाती एक युवती की कई रील्स इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. वीडियो में युवती अलग-अलग ब्राइडल ड्रेस पहनकर हाईवे पर बाइक चलाती नजर आ रही है. कभी वह चलती बाइक पर हैंडल छोड़ देती है तो कभी गानों पर एक्सप्रेशन देती दिखाई देती है. कुछ वीडियो में वह बाइक चलाते-चलाते डांस जैसा अभिनय भी करती नजर आ रही है.

रील बनाने के लिए उसके साथ एक युवक भी दूसरी बाइक पर चल रहा था, जो लगातार वीडियो शूट करता दिखाई दे रहा है. हाईवे पर दुल्हन के कपड़ों में बाइक चलाती युवती को देखकर कई लोग रुकते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए. बताया जा रहा है कि ये रील्स सोशल मीडिया पर ITZ Tuba नाम के फेसबुक पेज से पोस्ट की गई हैं. वीडियो वायरल होने के बाद अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए सड़क सुरक्षा नियमों को क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है.

लोगों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की रीलबाजी कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. अब देखना होगा कि मुरादाबाद पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करती है. इससे पहले भी पुलिस सड़क पर खतरनाक तरीके से रील बनाने वालों पर कार्रवाई कर चुकी है.