हरिद्वार: गंगनहर में बिरयानी का ड्रम फेंकने पर हंगामा, हिंदू क्रांति दल ने की कार्रवाई की मांग
हरिद्वार। ज्वालापुर में लाल पुल से बिरयानी से भरा ड्रम गंगनहर में फेंकने पर हंगामा खड़ा हो गया। स्थानीय निवासियों ने आरोपित युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह ड्रम फेंककर फरार हो गया। जिसके बाद हिंदू क्रांति दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देते हुए हिंदू क्रांति दल के अध्यक्ष चरणजीत पाहवा ने बताया कि रविवार देर रात दुर्गा मंदिर के पास कुछ लोगों ने जानबूझकर गंगा में बिरयानी का ड्रम फेंका। इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं और पूर्व में भी इस प्रकार के मामले सामने आते रहे हैं।
आरोप लगाया कि कुछ लोग शहर का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। पाहवा ने बताया कि उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो और जानकारी फेसबुक पर भी साझा की थी। संगठन ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और बकरीद पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की मांग की। तहरीर देने वालों में बक्शी चौहान, शिल्पी ग्रोवर, श्यामसुंदर शर्मा, मोनू कुमार और राणा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं, पुलिस ने कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। एसएसआइ हर्ष अरोड़ा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बकरीद पर कुर्बानी को लेकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे आपत्तिजनक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो सब्जी मंडी ज्वालापुर का बताया गया है। जिसमें युवक बकरीद और गोकशी को लेकर आपत्तिजनक बातें कहता सुनाई दे रहा है।
वीडियो प्रसारित होने पर हिंदू संगठनों ने इस पर विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान कराते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया। उसने अपना नाम जीशान निवासी ज्वलापुर बताया। आरोपित का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।
