छत्तीसगढ़ में आज हल्की बारिश के आसार, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर जारी है। सोमवार को प्रदेश में मौसम ज्यादातर साफ रहा और अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। अब मंगलवार यानी 6 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि, बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है।प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना के बावजूद रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

बारिश थमने के कारण सोमवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 35°C दर्ज किया गया। इसके बाद रायपुर में 34.4°C, पेंड्रा रोड में 33.8°C, बिलासपुर में 33.6°C और दुर्ग में 33.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
रात के तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 18.6°C दर्ज किया गया।पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.8°C और दुर्ग में 21.6°C रहा। यानी प्रदेश के कई हिस्सों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। ऐसे मौसम में खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की जरूरत है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगातार आगे बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।मानसून की वापसी के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।