बांग्लादेश में आज से टोटल लॉकडाउन, ढाका में जमे शेख हसीना की पार्टी के कार्यकर्ता
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में तनाव की स्थिति है. आवामी लीग ने बांग्लादेश में 27 और 28 नवंबर को फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है. शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ता बुधवार से ही ढाका में जमे हुए हैं.
वहीं, बांग्लादेश की सरकार ने यह पहले से साफ कर दिया है कि आवामी लीग को कभी देश में राजनीति नहीं करने दी जाएगी. वहीं, बांग्लादेश की स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने सात जिलों में 109 प्लाटून तैनात किए हैं. 18 प्लाटून सावर और अशुलिया में, नारायणगंज में सात, गाजीपुर में 18, मैमनसिंह के भालुका में 2, गोपालगंज में 56 और अन्य सात जिलों में 109 प्लाटून तैनात किए गए हैं. सबसे ज्यादा फोर्स शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में तैनात की गई है.
पिछले हफ्ते गोपालगंज में करीब 2,000 पुलिसकर्मियों और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 10 प्लाटून के साथ स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन यानी एसआरबी के जवानों को तैनात किया गया था.
तनाव के बीच आवामी लीग ने रखी अपनी मांगें
आवामी लीग की मांग है कि शेख हसीना और पार्टी नेताओं के खिलाफ मामलों को वापस लिया जाए. साथ ही राजनीतिक रूप से प्रेरित फैसलों को रद्द किया जाए.
आवामी लीग पर जो प्रतिबंध लगाया गया है, उसे हटाया जाए और पार्टी को राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति दी जाए.
राजनीतिक बंदियों की रिहाई हो और उनपर लगे मुकदमे समाप्त किए जाए.
बांग्लादेश में बढ़ती महंगाई को नियंत्रण किया जाए और बिजली, गैस, पानी, ईंधन, खाद और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम की जाए.
बंद पड़े उद्योगों को फिर से खोला जाए और बेरोजगार श्रमिकों को रोजगार दिया जाए.
नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो. हत्या, बलात्कार, जबरन वसूली, लूटपाट और अवैध कब्जे रोके जाए और महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की रक्षा की जाए.
सैन्य-नागरिक अधिकारियों और पत्रकारों के खिलाफ कथित झूठे मुकदमे वापस हो और अभिव्यक्ति और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाए.
उग्रवाद और आतंकवाद पर कार्रवाई हो. साथ ही, जेल से रिहा किए गए आतंकियों और उग्रवादियों को गिरफ्तार किया जाए.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने वाली हैं. शेख हसीना पिछले दो साल से ज्यादा समय से भारत में रह रही हैं. उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को जानकारी दी कि वे 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी. 16 दिसंबर को बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम की जीत की वर्षगांठ मनाई जाती है. यह पहली बार है जब हसीना ने अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय की है. ऐसे में बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव और बढ़ने की आशंका है.
