‘रोजाना 25 लाख ज्यादा LPG सिलेंडर बुक हो रहे’, केंद्र ने राज्यों को दिए कालाबाजारी रोकने के निर्देश

मिडिल ईस्ट में युद्ध की वजह से भारत समेत दुनियाभर में ऊर्जा संकट का खतरा मंडराता जा रहा है. भारत में भी अलग-अलग राज्यों से गैस की खबरें सुर्खियों में है. शुक्रवार को पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और वर्तमान स्थिति के बारे में लोगों को जानकारी साझा की. उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की सलाह और पैनिक बाइंग न करने की अपील की है. संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि मैं आप लोगों के माध्यम से सभी देशवासियों से अपील करना चाहूंगी कि अफवाहों पर विश्वास न करें और पैनिक बाइंग न करें. हमारा जो एवरेज बुकिंग है, वह लगभग 50 से 55 लाख बुकिंग प्रति दिन है. लेकिन अगर आप देखें तो पिछले कुछ दिनों में बुकिंग बढ़कर लगभग 75-76 लाख तक पहुंच गई है. पब्लिक सेक्टर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के कॉल सेंटर को भी मजबूत किया गया है. कॉल सेंटर में सीट्स को बढ़ाकर 400 कर दिया गया है और टेलीफोन लाइनों की संख्या भी बढ़ाकर 50 कर दी गई है, ताकि लोग वहां पर अपना ग्रीवेंस रजिस्टर करा सकें.

ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग पर भी एक्शन लिया जा रहा है. सेक्रेटरी, मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस और सेक्रेटरी कंज्यूमर अफेयर्स, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया ने एक मीटिंग की है. इसमें राज्यों और यूनियन टेरिटरीज के फूड एंड सिविल सप्लाइज डिपार्टमेंट के सभी सेक्रेटरीज शामिल थे और उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया गया है. इसके साथ ही राज्यों को फ्यूल सप्लाई को लेकर लगातार कोऑर्डिनेशन और कोऑपरेशन का आश्वासन दिया गया है. राज्यों को सलाह दी गई है कि ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि इस तरह की घटनाएं न हों.ब्लैक मार्केटिंग और होर्डिंग को रोकने में जिला प्रशासन, डीएम और एसपी की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उनके पास इसे रोकने के लिए पर्याप्त टूल्स हैं, अगर कहीं भी इस तरह की गतिविधि हो रही है.

उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों में सप्लाई की स्थिति की समीक्षा की है और डीएम तथा एसपी को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं. इसके अलावा कई राज्यों जैसे मेघालय, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में कंट्रोल रूम भी खोले गए हैं. महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में इस स्थिति को लेकर रोजाना प्रेस ब्रीफिंग भी की जा रही है.

उत्तर प्रदेश के झांसी में सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी हो गया था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भी सिलेंडर बरामद किए गए हैं और संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम को सील कर दिया गया है.