लखनऊ : कैफे में ग्राहक को कलछुल-फ्राईदान से पीटा…, हजरतगंज में सीढ़ियों पर खींच-खींचकर मारते रहे
हजरतगंज के एक कैफे में ग्राहक को कैफे के कर्मियों ने जमकर पीटा। किसी बात पर बहस हो गई तो छन्नी-कलछुल-फ्राईदान-भगोने से जमकर पीटना शुरू कर दिया। कैफे के अंदर एक युवक को कई लोग मिलकर हाथ-पैर और बर्तनों से मार रहे हैं। पुलिस ने 10 युवकों को गिरफ्तार किया। मामला ग्लोब कैफे का गुरुवार रात का है। वीडियो में दिख रहा है कि कैफे के अंदर अचानक हुई इस मारपीट से अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। यह पूरी घटना बाहर से किसी ने रिकॉर्ड कर ली। मामले को संज्ञान में लेते हुए हजरतगंज थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हजरतगंज जैसे वीवीआईपी और पॉश इलाके में देर रात तक कैफे खुले रहने के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। ग्लोब कैफे में इससे पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस की चेतावनी और हिदायत के बावजूद कैफे संचालक नियमों को ताक पर रखकर दुकान खोलते हैं। इसके अलावा कैफे के बाहर सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे राहगीर परेशान होते हैं।
