फेक डिग्री रैकेट पर लखनऊ ED की बड़ी कार्रवाई, 15 लोकेशनों पर माफियाओं और संस्थानों में छापेमारी
फेक डिग्री सर्टिफिकेट बनाने वाले माफियाओं और संस्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज गुरुवार को बड़ा एक्शन लिया है. मनी लॉन्ड्रिंग के तहत ईडी ने केस दर्ज करते हुए देशभर में 15 ठिकानों पर एक साथ रेड शुरू की है. हापुड़, उन्नाव, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और दिल्ली में ईडी की टीमें छापेमारी कर रही हैं. सबसे बड़ी कार्रवाई हापुड़ की मोनाड यूनिवर्सिटी और उसके चेयरमैन विजेंद्र हुड्डा के ठिकानों पर चल रही है.
जानकारी के अनुसार विजेंद्र हुड्डा को फेक डिग्री रैकेट का सबसे बड़ा माफिया माना जा रहा है. विजेंद्र 2024 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) से चुनाव भी लड़ चुका है. इससे पहले यूपी एसटीएफ ने उसे फर्जी डिग्री घोटाले में गिरफ्तार किया था. इसके अलावा उन्नाव के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भी ईडी की टीम जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि यह पूरा नेटवर्क फर्जी डिग्रियां बेचकर करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है. ईडी की टीमें फिलहाल सभी लोकेशनों से दस्तावेज, कंप्यूटर डेटा और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त कर रही हैं. छापेमारी जारी है.
