महाराष्ट्र नगर निगम रिजल्ट, 29 में 23 निगमों में बीजेपी+ आगे, मुंबई-नागपुर-पुणे में बढ़त
महाराष्ट्र की 29 नगर निगम के लिए शुक्रवार सुबह 10 बजे से काउंटिंग जारी है। 29 में 23 नगर निगमों बीजेपी गठबंधन आगे है। मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक में गठबंधन को बड़ी बढ़ित हासिल है।
सभी निगमों में सबसे अहम बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) है। यहां भाजपा और शिवसेना गठबंधन आगे चल रहा है। कोल्हापुर में पहले कांग्रेस को बढ़त मिली थी, लेकिन अब बीजेपी बड़े अंतर से आगे चल रही है। संभाजीनगर में भी बीजेपी आगे चल रही है। लातूर और चंद्रपुर में कांग्रेस को बढ़त है। राज्य में नगर निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग हुई थी। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं।
महाराष्ट्र निकाय चुनावों के नतीजों के बाद दिल्ली बीजेपी हेडक्वार्टर में जश्न मनाया गया। यहां पार्टी नेताओं ने मिठाइयां बांटीं। महाराष्ट्र में 20 से ज्यादा निगमों में बीजेपी गठबंधन आगे चल रहा है। मुंबई में भाजपा की बढ़त को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में मुंबई BMC से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की पूर्व विधायक यामिनी जाधव ने कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर BMC वार्ड 209 से जीत हासिल की है।
महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा- अब शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि ये तेजी से आगे बढ़ेंगे। पीछे जाने का कोई चांस नहीं है। अगर हम पुणे में 125 का आंकड़ा पार कर लेते हैं तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी। मुंबई में भी यही स्थिति है। पिंपरी में एकतरफा मुकाबला है। कोल्हापुर और सांगली में भी यही हाल है। पूरे महाराष्ट्र में महायुति का नतीजा अच्छा रहेगा। 29 में से कम से कम 28 में महायुति होगी।
