ममता बोलीं- राज्यपाल को इस्तीफा देने नहीं जाऊंगी, हारे नहीं, हराया गया, SIR के बहाने 100 सीटें लूटीं

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एक दिन बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह इस्तीफा देने के लिए राजभवन नहीं जाएंगी। ममता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हम चुनाव हारे नहीं हैं, हराया गया है। ममता ने कहा- यह भाजपा और चुनाव आयोग के बीच साठगांठ का रिजल्ट है। उन्होंने काउंटिंग सेंटर तक कब्जा कर लिया। मेरे पेट और पीठ पर लात मारी। धक्का देकर बाहर निकाला। ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने SIR के बहाने 100 सीटें लूटीं। पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल में भाजपा ने पहली बार 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है। TMC सिर्फ 80 सीटें जीत सकी। 15 साल बाद ममता के हाथ सत्ता चली गई है।

गंगासागर से कन्याकुमारी तक पांच राज्यों के चुनावी नतीजों ने भाजपा विरोधी राजनीति के बड़े ‘पॉवर सेंटर्स’ को बड़ा झटका दिया है। ममता बनर्जी और एमके स्टालिन भाजपा को चुनौती देने वाले प्रमुख चेहरे थे। बंगाल (42) और तमिलनाडु (39) लोकसभा की 81 सीटें तय करते हैं। इनके ढहने से इंडिया गठबंधन पिछड़ गया। केरल में कांग्रेस की जीत उसे राहत देती है, लेकिन यह बढ़त विपक्ष में नई खींचतान शुरू करेगी। अब विपक्ष की लड़ाई सत्ता की नहीं, प्रासंगिकता बचाने की हो गई है।