पूर्व सीएम भूपेश बघेल को गाली देने वाला गिरफ्तार, NSUI की शिकायत पर केस दर्ज
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमित सेन के रूप में हुई है, जो भिलाई स्थित आरोग्य हॉस्पिटल में ड्रेसर के पद पर कार्यरत है। आरोपी ने कथित तौर पर नशे की हालत में भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी, जो बाद में वायरल हो गई।
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट सामने आई थी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद NSUI अध्यक्ष शान्तनु झा के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता और प्रदेश पदाधिकारी 27 जनवरी को सिविल लाइन थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। NSUI ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
NSUI ने थाना प्रभारी दीपक पासवान को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। संगठन के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने की है।
