कर्नाटक के व्यक्ति की UAE में हत्या, शव को 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा, पत्नी-बेटा लापता

कर्नाटक के एक व्यक्ति की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में हत्या कर दी गई। उनकी लाश 9 टुकड़ों में मिली। शव के टुकड़े दो बैग में भरकर कार में रखे थे। मृतक की पहचान उडुपी जिले के एल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी एल्विन प्रकाश के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने मंगलवार को दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पत्नी और बेटा लापता हैं। उनके बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

एल्विन पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहा था। पिछले साल दिसंबर में वह अपने घर आया था, इसके बाद शारजाह लौट गया। उनकी पत्नी टीना कुंदर उडुपी के उदयवारा की रहने वाली हैं।

टीना शारजाह के एक स्कूल में टीचर हैं। उनका बेटा भी शारजाह में 10वीं क्लास में पढ़ रहा है। मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने 21 सितंबर को उडुपी के एसपी से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की।

करीब एक हफ्ते बाद जब अनिल ने दोबारा फोन किया, तब भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शारजाह में रहने वाले प्रकाश के क्लासमेट मनोहर से संपर्क किया और उसका पता लगाने के लिए कहा।

मनोहर, प्रकाश को कंपनी की ओर से दिए गए फ्लैट पर पहुंचा। वहां मौजूद वॉचमैन ने बताया कि प्रकाश भारत जा चुके हैं। इसके बाद अनिल ने कंपनी के एचआर से संपर्क किया। वहां से भी शुरुआत में उन्हें बताया गया कि प्रकाश भारत लौट गया है।

अनिल ने कंपनी से दोबारा संपर्क किया और बताया कि प्रकाश भारत नहीं आया। उन्होंने कंपनी से उनके बारे में जानकारी जुटाने को कहा। कंपनी ने जब पासपोर्ट रिकॉर्ड चेक किए तो पता चला कि प्रकाश तब भी शारजाह में था।

इसके बाद प्रकाश के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान प्रकाश का शव ओमान जाने वाले रास्ते के पास खड़ी एक कार से बरामद हुआ। शव को 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था।

अनिल ने बताया कि परिवार को प्रकाश की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट 21 सितंबर को मिली। फिलहाल हत्या की वजह और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। शारजाह पुलिस मामले की जांच कर रही है।