मणिपुर : पुलिस कमांडो टीम पर फायरिंग, 3 जवान घायल

राष्ट्रीय

मणिपुर में मंगलवार (31 अक्टूबर) को पुलिस कमांडो की टीम पर फायरिंग हुई। इसमें 3 जवानों के घायल हो गए, इनमें से 2 की हालत गंभीर है। टीम पर हमला उस वक्त हुआ, जब वो SDOP चिंगथाम आनंद कुमार की हत्या वाले एरिया में तैनाती के लिए जा रहे थे।

दरअसल, टेंग्नौपाल जिले के मोरेह इलाके में आज सुबह मोरेह के SDOP चिंगथाम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन पर कुकी-जो समुदाय के प्रभाव वाले इलाके के दौरे के दौरान हमला हुआ था।

कमांडो टीम पर टेंग्नौपाल जिले से 10 किमी पहले हमला हुआ। वो मोरेह इलाके में बॉर्डर के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए जा रहे थे। हालांकि उन पर हमला किसने किया, इसकी अभी जानकारी नहीं है। सभी घायल जवानों को असम राइफल की टीम ने अस्पताल पहुंचा दिया है।

मोरेह के बॉर्डर एरिया में हुई फायरिंग को लेकर पुलिस ने बताया कि SDOP बॉर्डर टाउन में एक स्कूल में हेलिपैड के लिए जमीन की सफाई का काम देखने गए थे। उनके साथ स्टेट फोर्स और बीएसएफ के जवान भी थे। इसी दौरान कुकी मिलिटेंट ने उन पर स्नाइपर से हमला किया। SDOP को गोली लगने के बाद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।