सरकार से संगठन में भेजे जाएंगे कई मंत्री: PM ने मंत्रिमंडल बैठक में संकेत दिए

राष्ट्रीय

देश में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा और अगले साल लोकसभा चुनाव को देखते हुए मोदी सरकार संगठन में बड़े बदलाव करने जा रही है। PM नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रगति मैदान के कन्वेंशन सेंटर में मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ पांच घंटे लंबी बैठक की। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक जैसे राज्यों में कुछ केंद्रीय मंत्रियों को संगठन के काम में लगाने का फैसला पार्टी ने लिया है। वहीं धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल और भूपेंद्र यादव को लोकसभा चुनाव के लिहाज से राज्यों में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी है।

PM ने मजाकिया अंदाज में कहा- काम करने के लिए पद जरूरी नहीं

PM ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि जनता की सेवा का संकल्प हो तो उसे पूरा करने के लिए किसी पद की जरूरत नहीं है। माना जा रहा है कि यह संगठन और सरकार में शामिल कुछ लोगों के लिए संकेत है कि उन्होंने पद पर रहते हुए जनहित के क्या-क्या काम किए हैं। बैठक के बाद PM ने सोशल मीडिया पर बताया कि बैठक में कई सार्थक मुद्दों पर चर्चा हुई।

मप्र, झारखंड समेत छह राज्यों में नए अध्यक्ष का ऐलान जल्द

भाजपा छह राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदलने जा रही है। मप्र, झारखंड, पंजाब, तेलंगाना, कर्नाटक और गुजरात के नए भाजपा अध्यक्ष के नामों का ऐलान पार्टी कभी भी कर सकती है। मध्य प्रदेश में वीडी शर्मा को बदलने की तैयारी है। कर्नाटक में केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे को जिम्मेदारी मिल सकती है। तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भाजपा अध्यक्ष बन सकते हैं।