मेरठ : मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास खड़े 15 बाइक सहित 50 वाहन आग में जले

मेरठ : गांव मवाना खुर्द स्थित पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे खड़े विभिन्न मुकदमों से संबंधित एवं कंडम वाहनों में शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से लगभग 50 वाहन जल गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे काफी समय से दुर्घटनाग्रस्त व विभिन्न मुकदमों से संबंधित एवं कंडम वाहन खड़े हैं। शुक्रवार की सुबह अचानक उनमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण करते हुए करीब 15 बाइक सहित कार, ट्रक, ट्रैक्टर, मिनी बस आदि वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग और धुएं का गुबार आसमान में काफी ऊंचाई तक उठता दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सतेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग पर काबू न होते देख एक गाड़ी मेरठ से बुलाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मवाना खुर्द पुलिस चौकी पर कुछ माह पहले भी वाहनों में आग लग गई थी, जिसमें भी कई वाहन जल गए थे।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया का कहना है कि आग लगने के कारणों का फिलहाल नहीं पता चला है। कुछ कारें, कुछ बाइकें, एक छोटा हाथी आग में जला है। आग से नष्ट हुए वाहनों की सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं। आग लगने के कारणों की भी जांच कराई जा रही है।