मेंस हॉकी वर्ल्डकप- इंडिया Vs अर्जेंटीना, सेमीफाइनल के लिए भारत को बड़ी जीत चाहिए

मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया करो या मरो के मुकाबले में आज अर्जेेंटीना के सामने होगी। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। साथ ही उम्मीद करनी होगी कि इसके बाद होने वाले मुकाबले में नीदरलैंड, इंग्लैंड को बड़े अंतर से हरा दे।

पूल-E का यह मुकाबला नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में शाम 6:15 बजे शुरु होगा। ग्रुप में नीदरलैंड 6 अंक के साथ टॉप पर है और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका है। इंग्लैंड और अर्जेंटीना के 3-3 अंक हैं, जबकि भारत बिना अंक के चौथे स्थान पर है।

अगर भारत जीतता है और इंग्लैंड हारता है…

इस स्थिति में भारत, इंग्लैंड और अर्जेंटीना के 3-3 अंक हो जाएंगे और बात गोल डिफरेंस पर आएगी। भारत का गोल डिफरेंस -4 है, जबकि अर्जेंटीना और इंग्लैंड का 0 है।
अगर भारत 2-0 से जीतता है, इंग्लैंड को 0-3 से हारना होगा। अगर भारत 4-1 से जीतता है, तो इंग्लैंड को कम से कम 0-2 से हारना होगा।
यानी हर स्थिति में दोनों मैचों में गोल का डिफरेंस 5 होना चाहिए। ऐसा होने पर भारत, इंग्लैंड और अर्जेंटीना को गोल डिफरेंस में पीछे छोड़कर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।

अर्जेंटीना ने पिछले मुकाबले में इंग्लैंड को 3-1 से हराया था। इस जीत के बाद उसके 3 अंक हो गए। इससे भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का चांस बना है।

भारत की सबसे बड़ी चुनौती गोल अंतर सुधारना है। टीम को कप्तान हरमनप्रीत सिंह से गोल की उम्मीद होगी। वे टूर्नामेंट में अब तक 6 गोल कर चुके हैं।

उनके अलावा अभिषेक ने 2 और दिलप्रीत सिंह ने 1 गोल किया है। अर्जेंटीना के खिलाफ भारत को पेनल्टी कॉर्नर के साथ ओपन प्ले में भी गोल करने होंगे।

भारत के लिए अर्जेंटीना को बड़े अंतर से हराना आसान नहीं होगा। इस साल हॉकी प्रो लीग में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले खेले गए थे। दोनों ही मैच अर्जेंटीना ने जीता था। इतना ही नहीं अर्जेंटीना ने भारत को 8-0 और 4-2 के बड़े अंतर से हराया था।