छत्तीसगढ़ को मिली मेट्रो की सौगात… रायपुर से दुर्ग तक दौड़ेगी ट्रेन, 5 करोड़ का DPR फंड मंजूर
छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है.राज्य में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर अब मुहर लग गई है. राजधानी रायपुर से दुर्ग के बीच मेट्रो चलाने की तैयारी शुरू हो चुकी है और इसके लिए डीपीआर का फंड भी मंजूर कर दिया गया है. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जानकारी दी कि रायपुर, दुर्ग, भिलाई और नवा रायपुर को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसी पूरे क्षेत्र में मेट्रो कनेक्टिविटी देने की योजना बनाई गई है. इसके लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ रुपए का फंड DPR तैयार करने के लिए स्वीकृत किया है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा में राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण विधेयक-2025 के पारित होने के बाद विकास परियोजनाओं को और तेज गति मिलने वाली है. मेट्रो प्रोजेक्ट को इसी बड़े विजन का हिस्सा माना जा रहा है. सरकार का मानना है कि मेट्रो शुरू होने से राजधानी क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को सुरक्षित, तेज और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी.
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि फिलहाल मेट्रो प्रोजेक्ट प्रारंभिक चरण में है, लेकिन इस पर गंभीरता से काम शुरू कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि भारत में मेट्रो तेजी से राज्यों तक पहुंच रही है और छत्तीसगढ़ भी अब इस आधुनिक परिवहन व्यवस्था को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ चुका है. यह प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण अनुकूल परिवहन के विजन के अनुरूप है. वहीं विष्णु देव साय की पहल पर इसे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है. सरकार के अनुमान के मुताबिक 2031 तक रायपुर राजधानी क्षेत्र की आबादी 50 लाख से ज्यादा हो सकती है. ऐसे में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अभी से बेहतर यातायात विकल्प तैयार किए जा रहे हैं. मेट्रो इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
