LIVE : निशांत समेत 32 मंत्री ले रहे शपथ, मंच पर मौजूद हैं पीएम मोदी और नीतीश कुमार

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है, जहां पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में निशांत समेत 32 मंत्री शपथ ग्रहण कर रहे हैं.

सूत्रों के मुताबिक, सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड से 16-16 मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं. इसी बीच जानकारी आ रही है कि NDA सरकार में शामिल होने वाले मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए सूचना मिलनी शुरू हो गई है. बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी(आर) और HAM के कोटे से कुल 32 विधायकों को आज मंत्री पद की शपथ लेने की सूचना मिल चुकी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजेपी से विजय कुमार सिन्हा और नीतीश मिश्रा सहित 15 नेताओं को सूचना दी गई है. जेडीयू कोटे से श्रवण कुमार और लेसी सिंह जैसे पुराने चेहरों के साथ श्वेता गुप्ता जैसे नए नाम शामिल हैं. इसके अलावा हम (HAM) से संतोष सुमन और एलजेपीआर (LJPR) से दो नेताओं को भी कॉल आया है.

बताया जा रहा है कि एनडीए सरकार के इस मंत्रिमंडल विस्तार में संतुलन और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखा गया है. खास बात ये है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है.

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, ‘ये बिहार है और यहां एनडीए की सत्ता रही है. अच्छा काम हुआ है. कई लोगों में यह आशंका थी कि नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे; लेकिन उन्होंने इस्तीफा देकर अपार उदारता का परिचय दिया… प्रधानमंत्री स्वयं आशीर्वाद देने आ रहे हैं और गृह मंत्री अमित शाह पहले ही आ चुके हैं. ये वास्तव में बिहार के लिए सौभाग्य की बात है…’