10वीं पास हैं? रेलवे में 1644 पदों पर बंपर वैकेंसी, बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी, आज ही करें आवेदन
भारतीय रेलवे में नौकरी करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार मौका आया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने वर्ष 2026-27 के लिए ट्रेड अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी. सेलेक्शन सीधे मेरिट के आधार पर किया जाएगा. रेलवे की इस भर्ती के जरिए कुल 1,644 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
यह भर्ती रायपुर डिवीजन और वैगन रिपेयर शॉप के लिए निकाली गई है. भर्ती के तहत फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, COPA, मशीनिस्ट, स्टेनो हिंदी, स्टेनो अंग्रेजी और मैकेनिक समेत कई ट्रेड शामिल किए गए हैं. इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. साथ ही 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए. रेलवे ने साफ किया है कि 49.9 प्रतिशत अंक वाले उम्मीदवारों का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसके अलावा उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त ITI सर्टिफिकेट होना भी अनिवार्य है.
भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष तय की गई है. आयु की गणना 5 मई 2026 के आधार पर की जाएगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी. SC और ST वर्ग को 5 साल तथा OBC वर्ग को 3 साल की छूट मिलेगी. वहीं दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को भी नियमानुसार राहत दी जाएगी.
SECR अप्रेंटिस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा. उम्मीदवारों का चयन 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होगा. मेरिट तैयार करते समय 10वीं और ITI दोनों के अंकों को 50-50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा. इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा.
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 मई 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 4 जून 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे.
उम्मीदवार सबसे पहले इस वेबसाइट – apprenticeshipindia.gov.in पर जाएं. इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन आईडी बनाएं. फिर ‘Establishment Search’ में जाकर SECR रायपुर सर्च करें और अपने ट्रेड के सामने दिए गए Apply बटन पर क्लिक करें. इसके बाद 10वीं की मार्कशीट, ITI सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और फोटो-सिग्नेचर अपलोड करें. सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सेव कर लें.
