इतिहास में पहली बार टाई हुआ मिस इंग्लैंड कंपटीशन

ब्यूटी कॉन्टेस्ट तो आपने बहुत देखे होंगे, जहां आखिर में किसी एक सुंदर हसीना के सिर पर जीत का ताज सजता है. लेकिन ब्रिटेन में आयोजित हुई मिस इंग्लैंड प्रतियोगिता (Miss England 2026 Contestants) में एक ऐसा अनोखा वाकया हुआ है, जिसने इतिहास के पन्नों को ही पलट कर रख दिया है. ब्रिटिश अखबार ‘द सन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रतियोगिता के 98 साल के लंबे इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब जजों ने किसी एक को नहीं, बल्कि एक साथ दो-दो लड़कियों को विनर घोषित कर दिया है. अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर ऐसा कैसे हो गया? चलिए आपको इसके पीछे की दिलचस्प कहानी बताते हैं.

यह पूरा मामला मिस इंग्लैंड ईस्ट मिडलैंड्स (Miss England East Midlands) के खिताब का है. इस ब्यूटी पेजेंट में 19 साल की कैटलिन बैनेट (Caitlin Bennett) और 23 साल की ऐली डैगलिश (Ellie Daglish) नाम की दो सुंदरियां हिस्सा ले रही थीं. जब कैटवॉक और टैलेंट राउंड खत्म हुआ और नतीजे सामने आए, तो जज भी सिर पकड़कर बैठ गए. क्योंकि दोनों ही कंटेस्टेंट्स के नंबर बिल्कुल बराबर आए थे, यानी मुकाबला पूरी तरह से टाई हो गया था.

अब जजों के सामने सबसे बड़ी मुसीबत यह थी कि दोनों में से किसे विजेता चुना जाए और किसे बाहर का रास्ता दिखाया जाए. काफी सोच-विचार के बाद जजों ने एक ऐसा बीच का रास्ता निकाला जो आज तक कभी नहीं हुआ था. उन्होंने फैसला किया कि दोनों ही लड़कियां इस खिताब की असली हकदार हैं और दोनों को ही ‘जॉइंट विनर’ घोषित कर दिया गया. इस इवेंट को होस्ट कर रही मौजूदा मिस इंग्लैंड ग्रेस रिचर्डसन ने भी जजों के इस फैसले की तारीफ करते हुए कहा कि ये दोनों ही लड़कियां वाकई जीत डिजर्व करती थीं.

नियमों के मुताबिक, अब ये दोनों सुंदरियां अपने-अपने काउंटियों का प्रतिनिधित्व करेंगी. कैटलिन को ‘मिस लेस्टरशायर’ और ऐली को ‘मिस नॉटिंघमशायर’ के रूप में पहचान मिली है. ये दोनों अब सीधे नेशनल फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, जो इसी साल नवंबर के महीने में लेस्टर (Leicester) में आयोजित होने वाला है. नवंबर में होने वाले इस फाइनल मुकाबले को जो भी जीतेगा, उसे साल 2027 में होने वाले मिस वर्ल्ड (Miss World 2027) कॉन्टेस्ट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा.

कैटलिन एक स्टूडेंट होने के साथ-साथ पार्ट-टाइम डांस टीचर भी हैं. जीत के बाद उन्होंने कहा, ‘पहली ही प्रतियोगिता में जीत हासिल करना मेरे लिए बेहद खास है. इस जीत से ठीक एक दिन पहले ही मेरा परफॉर्मिंग आर्ट्स का कोर्स पूरा हुआ है. अब अपनी करीबी दोस्त के साथ इस ताज को शेयर करना मेरे लिए इस सफर को और भी ज्यादा यादगार बनाता है.