मालदीव में मोदी जिंदाबाद के नारे लगे, भारत ने मालदीव को ₹4850 करोड़ का कर्ज दिया, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बात हुई

पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर मालदीव पहुंचे। यहां उनका गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत किया गया। खुद राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू उन्हें लेने एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। इस दौरान राजधानी माले में लोगों ने ‘मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इसके बाद मोदी और मुइज्जू ने द्विपक्षीय मीटिंग की। इस दौरान भारत ने मालदीव को 4,850 करोड़ रुपए की लाइन ऑफ क्रेडिट (कर्ज) दिया और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बात की दोनों देशों के डिप्लोमैटिक संबंधों के 60 साल पूरे होने पर स्मारक डाक टिकट जारी किया गया। इसके साथ मालदीव में 6 कम्युनिटी डेवलपमेंट परियोजनाओं को शुरू किया गया। पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू के बीच कर्ज, FTA, मत्स्य पालन और वॉटर कृषि, डिजिटल परिवर्तन, फार्माकॉपिया और UPI समेत 8 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। मोदी और मुइज्जू ने माले में रक्षा मंत्रालय के नए भवन का उद्घाटन भी किया। भारतीय पीएम ने मालदीव को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक पौधा गिफ्ट किया। इसके अलावा भारत की आरोग्य मैत्री पहल के तहत मालदीव को BHISHM मेडिकल क्यूब दिए। भारतीय पीएम की यह तीसरी मालदीव यात्रा है। वे राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के न्योते पर गए हैं।

भारत-मालदीव संबंधों पर बोलते हुए PM मोदी ने कहा कि हमारे लिए दोस्ती हमेशा पहले आती है। भारत मालदीव का सबसे करीबी पड़ोसी है। भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और महासागर विजन में मालदीव की खास जगह है। मोदी ने कहा कि भारत को मालदीव का सबसे भरोसेमंद दोस्त होने पर गर्व है। चाहे संकट हो या महामारी, भारत हमेशा सबसे पहले उनके साथ खड़ा रहा है। चाहे आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता हो या कोविड के बाद अर्थव्यवस्था को संभालना हो, भारत ने हमेशा साथ मिलकर काम किया है।