G7 समिट में आज मिलेंगे मोदी और ट्रंप, ऑपरेशन सिंदूर और टैरिफ विवाद के बाद पहली द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार यानी आज फ्रांस में G-7 बैठक के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करेंगे. ANI के मुताबिक, मीटिंग में पश्चिम एशिया के हालात, होर्मुज स्ट्रेट और अमेरिका से ऊर्जा आयात जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. भारत और अमेरिका लंबे वक्त की ऊर्जा साझेदारी के लिए उत्सुक हैं. ट्रेड डील अंतिम चरण में है और अगले कुछ हफ्तों में इस पर काम पूरा होने की उम्मीद है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस में G7 समिट के दौरान एक आउटरीच सेशन को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया संसाधनों की कमी से नहीं, बल्कि भरोसे के संकट से जूझ रही है. इस मीटिंग पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बगल में बैठे थे. उन्होंने समुद्री रास्तों की सुरक्षा और यह पक्का करने पर जोर दिया कि समुद्री नाविक बिना किसी डर के अपना काम कर सकें. हाल ही में अमेरिका-ईरान के बीच हुए टकराव में तीन भारतीय नाविकों की मौत की तरफ इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग समुद्र के रास्ते ग्लोबल ट्रेड को जारी रखते हैं, उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए.

ऑपरेशन सिंदूर और भारत पर भारी टैरिफ लगाने के वॉशिंगटन के फैसले के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में आई खटास के बाद ट्रंप और मोदी के बीच यह पहली आमने-सामने की बातचीत होगी.