CG : भाजपा में मूणत को मिल सकती है नई जिम्मेदारी, अभिषेक-नवीन समेत 4 नेता महामंत्री पद की रेस में..

छत्तीसगढ़ में जल्द ही बीजेपी संगठन का विस्तार हो जाएगा। लंबे समय से रुकी नियुक्तियों का आदेश 10 अगस्त को संभावित माना जा रहा है। जानकारी ये भी है कि नए आदेश में BJP कुछ पदों को कम कर सकती है। वर्तमान में प्रदेश संगठन महामंत्री के चार पद हैं, जिन्हें घटाकर तीन किया जा सकता है। नए आदेश के तहत महामंत्री, महिला मोर्चा अध्यक्ष, भाजयुमो अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की नियुक्ति होगी। इन पदों के लिए प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक नेताओं ने अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए सक्रिय प्रयास किए हैं। आरएसएस लॉबी तक भी कई नेताओं ने संपर्क साधा है।

मौजूदा महामंत्री संजय श्रीवास्तव को नान का अध्यक्ष और जगदीश रामू रोहरा को धमतरी नगर निगम का महापौर बनाए जाने के बाद दो पद खाली हो गए हैं। अब इन स्थानों पर नए चेहरों की नियुक्ति होगी। इस रेस में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय, पूर्व विधायक रजनीश सिंह और अखिलेश सोनी के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। वहीं गुलशन ऋषि और अमरजीत दुआ को प्रदेश कार्य समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया जा सकता है।

नई नियुक्तियों पर भाजपा संगठन स्तर पर पहले ही विचार किया जा चुका है। हाल ही में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वरिष्ठ नेताओं से इस मुद्दे पर चर्चा की थी। इसके अलावा, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के दिल्ली दौरे के दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी इस संबंध में मार्गदर्शन मिला है।

भाजपा के इस संगठनात्मक बदलाव से न केवल नई नेतृत्व टीम तैयार होगी, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीतियों में भी इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *