MP : आज से BJP का बूथ गौरव दिवस अभियान शुरू, 6 जुलाई तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सोमवार से मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में ‘बूथ गौरव दिवस’ अभियान की शुरुआत करने जा रही है। 23 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती और धारा 370 हटाने के ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में ‘संस्मरण पक्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान डॉ. मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर आधारित विशेष व्याख्यान एवं कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और बाहरी परिसरों में छात्र सम्मेलन आयोजित करेगा। इसके अलावा शहरों में महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण, प्रमुख स्थलों का नामकरण तथा महा-वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए बीजेपी ने त्रि-स्तरीय टोलियों का गठन किया है। प्रदेश स्तर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टीम अभियान की मॉनिटरिंग करेगी, जबकि जिला और मंडल स्तर पर अलग-अलग टीमें कार्यक्रमों के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठकें और जिला स्तरीय समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बीजेपी का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना है। 6 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
