बीच गंगा में BJP पार्षद की नाव पर बनाया चिकन, परोसी गई शराब…VIDEO वायरल होते ही 5 गिरफ्तार
एक तरफ वाराणसी नगर निगम सीमा क्षेत्र में बीजेपी के मेयर ने मांस-मछली की बिक्री पर ही रोक लगाने का प्रस्ताव पास कर दिया है और अगले कुछ महीनों में ये लागू भी हो जाएगा. वहीं दूसरी तरफ वाराणसी में गंगा की लहरों पर BJP पार्षद के नाव पर चिकन बनने और शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है. फिलहाल मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, यह हैरान कर देने वाली घटना वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की है. मामले का वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल पुलिस ने संज्ञान लेते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नाव को भी सीज कर दिया. आपको बता दें कि इससे पहले रमजान के दौरान मुस्लिम युवकों द्वारा वाराणसी के पंचगंगा घाट के पास बीच गंगा की लहरों पर नाव पर सवार होकर बिरयानी पार्टी की गई थी, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था.
वाराणसी में सोमवार शाम होते-होते तेजी से लगभग 1 मिनट 15 सेकंड का वीडियो वायरल हो गया. वीडियो के साथ वायरल संदेश में दावा किया गया कि बीजेपी के मनोनित पार्षद अगस्तकुंडा क्षेत्र के सत्यनारायण साहनी उर्फ तन्ना के नाव पर पवित्र गंगा की लहरों पर न केवल मांस पकाया जा रहा है, बल्कि शराब पार्टी चल रही है. तन्ना वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल के उपाध्यक्ष भी हैं.
वाराणसी: काशी की माँ गंगा में एक बार फिर नाव,बजडे पर दारु – मुर्गा पार्टी का विडियो वायरल…#varanasi
#kashi #ganga #namamigangenmcg @nagarnigamvns pic.twitter.com/XgtLmcfRV7— Ajay FAUJi अजय फौजी 🇮🇳 (@AjayFaujisp) June 22, 2026
वायरल वीडियो पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखते हुए गिरफ्तार कर लिया. जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है उनमें दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी शामिल है. गिरफ्तार हुए सभी आरोपियों की उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच है.
मामले के संबंध में एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए वीडियो में दिखाई पड़ रहे सभी 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वीडियो के देखने से प्रतीत हो रहा है कि वीडियो पुराना है. नाव को भी सीज कर दिया गया है.
भाजपा पार्षद के नाव पर ऐसा कृत्य होने के सवाल पर एसीपी ने बताया कि वीडियो में वे दिखाई नहीं पड़ रहें हैं. संभवत: नाव उनकी या उनके किसी परिवार के सदस्य की है. उन्होंने लोगों से अपील भी कि ऐसा कोई भी कृत्य ने करें जो लोगों की भावना को आहत करता हो. अन्यथा उनके विरूद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी.
