MP : मंडप में दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ प्रेमी के गले में डाल दी वरमाला, जानें- फिर क्या हुआ ?
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने न केवल बारातियों को हैरान कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है. दरअसल, उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव में एक शादी समारोह उस समय लड़ाई के अखाड़े में तब्दील हो गया, जब दुल्हन ने सात फेरे लेने से ठीक पहले कुछ ऐसा किया जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. दरअसल, दूल्हा सजधज कर स्टेज पर पहुंच चुका था और सभी लोग उस पल का इंतजार कर रहे थे. लेकिन, खुशियों भरे माहौल में अचानक उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब दुल्हन ने दूल्हे की जगह अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी. यह घटना 27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि परासिया से बड़े उत्साह के साथ बारात मुजावर गांव पहुंची थी. बैंड बाजे और आतिशबाजी के साथ बारातियों का जोरदार स्वागत किया गया. मेहमानों के लिए लजीज पकवान परोसे जा रहे थे और चारों तरफ हंसी खुशी का माहौल था. इस बीच दुल्हन को सखियों के साथ मंच पर लाया गया, लेकिन जैसे ही वरमाला की रस्म शुरू हुई, तो दुल्हन ने सामने खड़े दूल्हे को नजरअंदाज करते हुए पंडाल में मौजूद अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी. इतना ही नहीं, वह सबके सामने अपने प्रेमी से लिपट गई. इस अचानक हुए उलटफेर से वहां मौजूद रिश्तेदार और मेहमान दंग रह गए. दुल्हन की इस हरकत के बाद शादी का जश्न पल भर में विवाद में बदल गया. गुस्से में आए दुल्हन के परिजनों ने उस युवक की जमकर पिटाई कर दी और उसे धक्का देकर पंडाल से बाहर निकाल दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और मारपीट की स्थिति बनी रही. घटना से आहत और अपमानित महसूस कर रहे दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. नतीजतन, जिस बारात को दुल्हन लेकर लौटना था, वह बिना शादी किए ही खाली हाथ वापस लौट गई.
दूल्हा सजधज कर स्टेज पर पहुंच चुका था और सभी लोग उस पल का इंतजार कर रहे थे. लेकिन, खुशियों भरे माहौल में अचानक उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब दुल्हन ने दूल्हे की जगह अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी. यह घटना 27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है. #lovestory #marriage… pic.twitter.com/PKeKHFahVu
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) April 30, 2026
इस पूरे मामले की शिकायत मंगलवार को उमरेठ थाने में दर्ज कराई गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती और उस युवक के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे. बताया जा रहा है कि परिवार के दबाव में आकर युवती शादी के लिए तैयार तो हो गई थी, लेकिन उसने ऐन वक्त पर अपने दिल की बात सुनी और यह कदम उठा लिया. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं.
