मुंबई की IPL में सबसे बड़ी हार, चेन्नई ने 103 रन से हराया, संजू सैमसन की इस सीजन दूसरी सेंचुरी

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को IPL में सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी है। चेन्नई सुपर किंग्स ने गुरुवार को मुंबई के होमग्राउंड पर उसे 103 रन से हराया। इससे पहले मुंबई की सबसे बड़ी हार 87 रन की थी, जो उसे 2013 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली थी। साथ ही यह चेन्नई की सबसे बड़ी जीत भी है। इससे पहले टीम की सबसे बड़ी जीत 97 रन की थी, जो उसे 2015 में पंजाब के खिलाफ मिली थी। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में सीजन के 33वें मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। चेन्नई ने 208 रन का टारगेट दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 19 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। तिलक वर्मा ने 37 और सूर्यकुमार यादव ने 36 रन बनाए। चेन्नई से अकील हुसैन ने 4 विकेट लिए। नूर अहमद को 2 विकेट मिले।

इससे पहले चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए। संजू सैमसन ने नाबाद 101 रन की पारी खेली। यह IPL 2026 में उनकी दूसरी सेंचुरी रही। इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 11 अप्रैल को शतक लगाया था। ओवरऑल यह उनके IPL करियर की पांचवीं सेंचुरी रही। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 6 सिक्स लगाए।

ऋतुराज गायकवाड (22 रन) और डेवाल्ड ब्रेविस (21 रन) ने भी योगदान दिया। मुंबई की ओर से गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर और अश्विनी कुमार ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर को एक-एक सफलता मिली। मुंबई इंडियंस चेन्नई से हार के बाद 7 मैच में 2 जीत और 4 पॉइंट्स के साथ 8वें पायदान पर है। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए 7 मैचों में 6 जीत हासिल ही करनी होगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स इस जीत के बाद 7 मैच में 3 जीत के साथ 6 पॉइंट्स लेकर पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।