अमेरिका में कंट्रोल, मुंबई में फायरिंग… टाइगर श्रॉफ गोली कांड में बिश्नोई गैंग का नाम
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग केस के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक बार फिर चर्चा में है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कंट्रोल अमेरिका से होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि गैंग के कुछ अहम गुर्गे अमेरिका में बैठकर भारत में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलवा रहे हैं. अनिल पंडित और हरमन संधू की लोकेशन अमेरिका में मिली थी. अनिल पंडित हरियाणा का गैंगस्टर है. वह डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा था और वहां आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया. उस पर दिल्ली के पश्चिम विहार में सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग करवाने का भी आरोप है. वहीं, हरमन संधू को हाल ही में एफबीआई की लॉस एंजिलिस टीम ने गिरफ्तार किया था.
बताया गया कि एफबीआई ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शिकंजा कसने के लिए ऑपरेशन हार्ड बॉल चलाया था और इसी ऑपरेशन के तहत हरमन संधू को पकड़ा गया.अनमोल बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत कई दूसरे गैंगस्टरों ने भी अमेरिका में ठिकाना बनाया था.
दावा है कि कुछ गैंगस्टर अमेरिका की कानूनी प्रक्रिया का फायदा उठाते हैं. डंकी रूट से अमेरिका पहुंचने के बाद पकड़े जाने पर उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा जाता है. इसके बाद वकील बॉन्ड भरकर उन्हें छुड़वाने की कोशिश करते हैं. यह भी दावा किया जाता है कि एफबीआई निगरानी के लिए उनके शरीर में जीपीएस चिप लगाती है, लेकिन गैंगस्टर इस निगरानी को भी चकमा देने की कोशिश करते हैं.
अनिल पंडित के सामने आए ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है, “जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमारे से अलग होकर काम करेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, उसको मार देंगे.” इस धमकी से गैंग की बॉलीवुड से जुड़ी कथित योजना पर सवाल उठ रहे हैं. एजेंसियों के मुताबिक, गैंग फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाकर सुर्खियां हासिल करना और वसूली करना चाहता है.
एजेंसियों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई ने 2018 में काले हिरण के मामले को लेकर सलमान खान को पुलिस कस्टडी में धमकी दी थी. इसके बाद सलमान खान के घर पर फायरिंग, बाबा सिद्दीकी की हत्या, रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग और रणबीर सिंह को धमकी जैसी घटनाएं सामने आईं. एजेंसियों का मानना है कि बॉलीवुड को निशाना बनाने से गैंग को मीडिया में सुर्खियां मिलती हैं और इसकी आड़ में वसूली का नेटवर्क चलाना आसान होता है.
मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में राजस्थान के कोटा से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है. नाबालिग बिहार का रहने वाला है. राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर रेलवे कॉलोनी इलाके से तीनों को पकड़ा. आरोपी पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सुबह करीब 10:15 बजे कोटा पहुंचे थे. इस मामले में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनमें से एक को महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास पकड़ा गया.
