मुंगेली : SIR में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त.. तहसीलदार निलंबित, SDM सहित कई अधिकारियों को नोटिस

छत्तीसगढ़ : मुंगेली जिले में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने आज सख्त रुख अपनाया। बरेला, नगर पंचायत जरहागांव, फुलवारी और पथरिया क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान निर्देशों का पालन न होने पर कलेक्टर ने अफसरों को जमकर फटकार लगाई. निरीक्षण में अनेक अनियमितताएँ मिलने और अपडेटेड आंकड़े प्रस्तुत न किए जाने पर कलेक्टर ने जरहागांव तहसीलदार कमल किशोर पाटनवार को तत्काल निलंबित कर दिया।

SDM मुंगेली अजय शतरंज,

CMO जरहागांव सुरेश कुमार गुप्ता,

CMO बरेला नरेश मसीह,

फुलवारी सेक्टर अधिकारी लखनलाल कुर्रे,

रोजगार सहायक सुखदेव निषाद,

सहित कई बीएलओ और अभिहित अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने SIR कार्यों में दर्ज अनकलेक्टेबल व पलायित व्यक्तियों की बढ़ती संख्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा न होने पर सख्त कार्रवाई तय है।” उन्होंने श्रेणी ‘C’ के अंतर्गत स्थायी रूप से स्थानांतरित, दीर्घकालीन अनुपस्थित और डुप्लीकेट पंजीकरण की गलत प्रविष्टियों को गंभीर लापरवाही माना। साथ ही ईपिक नंबरों के सत्यापन में भी भारी कमियां पाई गईं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि मृत, स्थानांतरित और लंबे समय से अनुपस्थित व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य में एक भी त्रुटि न रहे। निरीक्षण के दौरान मुंगेली SDM अजय शतरंज और पथरिया SDM रेखा चंद्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

SIR की प्रमुख तिथियाँ

11 दिसंबर 2025 घर-घर सत्यापन एवं गणना

16 दिसंबर 2025 ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित

16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 दावाआपत्तियाँ स्वीकार

7 फरवरी 2026 सुनवाई और सत्यापन पूर्ण

14 फरवरी 2026 अंतिम मतदाता सूची जारी

कलेक्टर ने कहा कि जिनका नाम ड्राफ्ट में नहीं होगा, वे दस्तावेजों के साथ निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *