1 ट्रिलियन डॉलर हुई मस्‍क की दौलत, कई देशों की GDP से भी ज्‍यादा

दुनिया को पहला ट्रिलियन डॉलर की वेल्‍थ रखने वाला अमीर मिल चुका है. एलॉन मस्‍क की कुल नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर हो गई है, क्‍योंकि उनकी कंपनी SpaceX के शेयरों की अमेरिकी बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई है. यह दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ था. SpaceX का IPO Nasdaq पर SPCX टिकर सिंबल के साथ US मार्केट में लिस्ट होकर इतिहास रच दिया है.

आईपीओ के जरिए कंपनी ने 75 अरब डॉलर जुटाए हैं. आईपीओ के दौरान इस कंपनी के शेयरों की कीमत 135 डॉलर प्रति शेयर तय की गई थी, जो अब लिस्‍ट हो चुकी है. इस लिस्टिंग के साथ ही कंपनी की वैल्‍यूवेशन 1.75 ट्रिलियन डॉलर हो चुकी है. SpaceX IPO की लिस्टिंग के बाद, एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए हैं. उनकी कंपनी SpaceX दुनिया की सबसे बड़ी वैल्‍यूवेशन वाली कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई है.

SpaceX IPO के जरिए दुनिया की सबसे ज्‍यादा वैल्‍यूवेशन हालिस करने वाली कंपनी बन चुकी है. इससे पहले यह रिकॉर्ड सऊदी अरामको के पास था, जो 2019 में मार्केट में लिस्‍ट हुई थी और 29 अरब डॉलर जुटाए थे, जबकि स्‍पेसएक्‍स ने 75 अरब डॉलर की रकम जुटाई है.

शेयरों की मांग पेशकश किए गए शेयरों से चार गुना से भी अधिक थी, जिसमें निवेशकों ने 250 अरब डॉलर से 300 अरब डॉलर प्राइस के शेयर खरीदने की इच्छा जताई है. इस साइज के सौदे के लिए एक असामान्य कदम उठाते हुए, स्पेसएक्स ने आईपीओ का 30% हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए रिजर्व रखा था, जबकि बड़े सार्वजनिक प्रस्तावों में आमतौर पर 5% से 10% का आवंटन देखा गया.

ब्‍लूमबर्ग के मुताबिक, SpaceX के शेयर का पहला ट्रेड $174 पर शुरू हो सकता है, जिसके बाद ये शेयर मार्केट में डेली ट्रेड के लिए खुल सकते हैं. 174 डॉलर प्रति शेयर निवेशकों को 29% प्रीमियम का संकेत दे रहा है. इसका इश्‍यू प्राइस 135 डॉलर प्रति शेयर है. खबर लिखे जाने तक अभी तक इस शेयरों की ट्रेडिंग शुरू नहीं हुई थी. कुछ घंटे के बाद इसकी ट्रेडिंग शुरू हो सकती है.

SpaceX में एलॉन मस्‍क की बहुत बड़ी हिस्‍सेदारी है. इसमें इनकी हिस्‍सेदारी की वैल्‍यू $866 बिलियन है. इस वैल्‍यू के कारण ही एलॉन मस्‍क की नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर हो चुकी है. इसमें टेस्‍ला और अन्‍य कंपनियों के शेयरों की वैल्‍यू भी शामिल है.

एलॉन मस्‍क की नेटवर्थ अब कई देशों की जीडीपी से भी ज्‍यादा है. IMF के मुताबिक, ताइवान की अर्थव्‍यवस्‍थ की वैल्‍यू लगभग 976.7 अरब डॉलर है. आयरलैंड के जीडीपी की वैल्‍यू 779 अरब डॉलर और इजरायल की जीडीपी 719 अरब डॉलर है. अब एलॉन मस्‍क इन देशों से भी ज्‍यादा अमीर हो चुके हैं.