नक्सली हिडमा AK-47 के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने ओडिशा से किया गिरफ्तार, 5 लाख का इनामी

ओडिशा में कोरापुट पुलिस ने AK-47 हथियार के साथ नक्सली कुंजाम हिडमा को गिरफ्तार किया है। यह ACM कैडर का नक्सली है। जिस पर करीब 5 लाख रुपए का इनाम घोषित है। ओडिशा पुलिस ने हिडमा के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामान भी बरामद किया है। कुंजाम हिडमा उर्फ मोहन को कोरापुट पुलिस और डिस्ट्रिक्ट वॉलंटरी फोर्स (DVF) की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोरापुट जिले के बाइपारीगुडा थाना क्षेत्र के पेटगुडा जंगल से पकड़ा गया।
कोरापुट एसपी ने जानकारी दी कि उस पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 5 लाख और ओडिशा सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, कुल मिलाकर वह 8 लाख का इनामी नक्सली था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के दौरान बड़ी मात्रा में माओवादी सामग्री और हथियार भी बरामद किए हैं। जब्त सामानों में एक AK-47 राइफल, 35 राउंड गोलियां, 117 डेटोनेटर (इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक), बारूद, रेडियो, चाकू और माओवादी साहित्य शामिल है।