बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को, इसी दिन टैगोर की 165वीं जयंती

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्‌टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा। इसी दिन रवींद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती है। दरअसल बांग्ला कैलेंडर के मुताबिक यह तिथि 25 वैशाख को होती है। जो आमतौर पर मई के दूसरे हफ्ते में पड़ती है। शपथग्रहण में कौन-कौन आएगा, CM कौन होगा, अभी इनका खुलासा नहीं हुआ है।

इधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि इस्तीफा राज्य के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के ऑफिस भेजा गया है। विधानसभा चुनाव में 59 सीटें जीतने के बाद स्टालिन ने कहा कि DMK एक मजबूत विपक्षी पार्टी के तौर पर काम करेगी।

राहुल गांधी ने कहा- कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के लोग, जो TMC की हार पर खुश हो रहे हैं कि वे छोटी-मोटी राजनीति छोड़ दें। यह किसी एक पार्टी के बारे में नहीं बल्कि पूरे भारत के बारे में है।

गंगासागर से कन्याकुमारी तक पांच राज्यों के चुनावी नतीजों ने भाजपा विरोधी राजनीति के बड़े ‘पॉवर सेंटर्स’ को बड़ा झटका दिया है। ममता बनर्जी और एमके स्टालिन भाजपा को चुनौती देने वाले प्रमुख चेहरे थे।

बंगाल (42) और तमिलनाडु (39) लोकसभा की 81 सीटें तय करते हैं। इनके ढहने से इंडिया गठबंधन पिछड़ गया। केरल में कांग्रेस की जीत उसे राहत देती है, लेकिन यह बढ़त विपक्ष में नई खींचतान शुरू करेगी।

अब विपक्ष की लड़ाई सत्ता की नहीं, प्रासंगिकता बचाने की हो गई है।

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। एक दिन पहले ममता ने भवानीपुर सीट से हारने के बाद वोट लूटने का आरोप लगाया था।

ममता ने कहा था- निर्वाचन आयोग और भाजपा गड़बड़ी कर रहे हैं। 100 से ज्यादा सीटें लूटी गईं हैं। मेरे एजेंटों को बूथ में घुसने नहीं दिया, मुझे रोका गया। पीटा गया।