माउंट एवरेस्ट पर नया रिकॉर्ड, एक दिन में 274 पर्वतारोहियों ने की चढ़ाई, तीन भारतीय भी शामिल
नेपाल में स्थित माउंट एवरेस्ट पर 274 पर्वतारोहियों ने सफलतापूर्वक चढ़ाई की। इसमें तीन भारतीय भी शामिल हैं । जिन्होंने एक दिन में सबसे अधिक चढ़ाई का नया रिकॉर्ड बनाया। सभी 274 पर्वतारोही बुधवार को 8,848.86 मीटर की चोटी पर पहुंच गए। नेपाल में अभियान संचालक संघ के महासचिव ऋषि राम भंडारी ने बताया कि 150 नेपाली शेरपाओं सहित ये पर्वतारोही एक ही दिन में शिखर पर पहुंच गए। विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली टीम में शामिल तीन भारतीय पर्वतारोही तुलसी रेड्डी पालपुनूरी, संदीप अरे और अजय पाल सिंह धालीवाल हैं। उन्होंने कहा कि यह इस वसंत ऋतु में एवरेस्ट शिखर पर पहुंचने वालों की ओर से बनाया गया नया रिकॉर्ड है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 502 पर्वतारोहियों ने 2026 के वसंत में एवरेस्ट पर चढ़ाई करने की अनुमति प्राप्त कर ली है। इससे पहले, मई 2019 में, नेपाल की तरफ से एक ही दिन में 223 पर्वतारोही शिखर पर पहुंचे थे।
वहीं, गुरुवार को भारत के लक्ष्मीकांत मंडल ने भी विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई की। अभियान के आयोजक पायनियर एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड के अनुसार, मंडल ने छह नेपाली शेरपाओं सहित आठ अन्य लोगों के साथ एवरेस्ट पर चढ़ाई की। इस वसंत ऋतु में स्थापित किए गए अन्य नए रिकॉर्ड नेपाल के कामी रीता शेरपा द्वारा बनाए गए हैं, जिन्होंने 32वीं बार शिखर पर चढ़कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसी तरह, नेपाल की ल्हाकपा शेरपा इस सीजन में रिकॉर्ड 11 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली पहली महिला बन गईं।
