हवाई किराए का नया ट्रेंड: इकोनॉमी क्लास की टिकटें हुईं महंगी, तो बिजनेस क्लास का सफर हुआ सस्ता

एयरलाइन टिकटों के दामों को लेकर एक बड़ा और दिलचस्प बदलाव सामने आया है. अभी तक साल 2026 में देश के प्रमुख हवाई मार्गों पर इकोनॉमी क्लास का किराया काफी बढ़ गया है, जबकि इसके ठीक उलट बिजनेस क्लास की टिकटों के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है. आम यात्रियों के लिए हवाई सफर करना अब पहले से अधिक खर्चीला हो गया है. सामने आए आंकड़ों के अनुसार, देश के 20 सबसे व्यस्त घरेलू (डोमेस्टिक) रूटों में से 18 रूटों पर इकोनॉमी क्लास के किराए में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

30% से ज्यादा बढ़ा किराया: करीब 5 प्रमुख रूट ऐसे हैं जहां इकोनॉमी टिकटों के दाम 30% से भी अधिक बढ़ चुके हैं.

15% से अधिक की तेजी: कुल 11 रूटों पर इकोनॉमी क्लास के किराए में 15% से ज्यादा की ग्रोथ आई है.

3 साल का रिकॉर्ड तोड़ बढ़त: 17 हवाई मार्गों पर बीते 3 सालों की सबसे बड़ी सालाना बढ़ोतरी देखी गई है.

किराया बढ़ने की मुख्य वजह: इकोनॉमी क्लास की टिकटें महंगी होने का सीधा कारण बाजार में हवाई सफर की ज्यादा डिमांड (मांग) और जेट फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतें हैं.

जहां एक तरफ आम इकोनॉमी टिकट महंगे हो रहे हैं, वहीं बिजनेस क्लास में सफर करने वालों के लिए राहत की खबर आई है. जून 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, 20 में से 16 प्रमुख रूटों पर बिजनेस क्लास का किराया घट गया है. कुछ रूटों पर तो बिजनेस क्लास की टिकटें करीब 50% तक सस्ती हो गई हैं.

ज्यादा विकल्प और कम्पटीशन: बाजार में विकल्प बढ़ने के कारण बिजनेस क्लास के किराए पर दबाव देखने को मिला है.

इंडिगो की एंट्री: इंडिगो (IndiGo) ने ‘IndiGoStretch’ नाम से बिजनेस क्लास में एंट्री की है, जो अब 10 घरेलू रूटों पर अपनी सेवाएं दे रही है.

एयर इंडिया का विस्तार: एयर इंडिया (Air India) ने भी अपनी उड़ानों में प्रीमियम सीटों की संख्या बढ़ा दी है.

इन चेंज के कारण से कई रूटों पर बिजनेस क्लास की कीमतों में सुधार आया है और कंप्टीशन के कारण यात्रियों को सस्ती टिकटें मिल रही हैं.

अलग-अलग शहरों के बीच इकोनॉमी और बिजनेस क्लास के किरायों में जो अंतर आया है, वह बेहद चौंकाने वाला है:

दिल्ली-श्रीनगर: इस रूट पर इकोनॉमी टिकट 85% तक महंगी हो गई है, जबकि बिजनेस क्लास 20% सस्ती हुई है.

बेंगलुरु-चेन्नई: यहां इकोनॉमी का किराया 35% बढ़ा है, तो बिजनेस क्लास की टिकट 49% तक सस्ती हुई है.

दिल्ली-लेह: इकोनॉमी क्लास 50% महंगी हुई है और बिजनेस क्लास 8% सस्ती हुई है.

मुंबई-हैदराबाद: इकोनॉमी टिकट में 22% की बढ़ोतरी हुई है, वहीं बिजनेस क्लास 3% सस्ती मिली है.

मुंबई-चेन्नई: इकोनॉमी का किराया 18% बढ़ा है, जबकि बिजनेस क्लास 5% तक सस्ता हुआ है.