नितिन नवीन और राहुल सिन्हा जाएंगे राज्यसभा, बीजेपी ने जारी की 9 उम्मीदवारों की लिस्ट
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार बनाए गए हैं. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है. नितिन नवीन मौजूदा वक्त में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और उनकी उम्मीदवारी बिहार में पार्टी की बड़ी चुनावी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है.

राज्यसभा चुनाव 2026 की नामांकन प्रक्रिया में केवल एक दिन बाकी है. बिहार की 5 सीटों के लिए एनडीए और आरजेडी के बीच मुकाबला है. बिहार समेत 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होने हैं. बिहार की 5 सीटों के लिए अधिसूचना 26 फरवरी को जारी हुई थी. नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है. 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी के कारण नामांकन के लिए केवल 5 मार्च का दिन बाकी बचा है.
बिहार से जिन 5 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है, उनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, प्रेमचंद्र गुप्ता, अमरेंद्र धारी सिंह और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं. इनमें हरिवंश और रामनाथ ठाकुर जेडीयू, प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी आरजेडी और उपेंद्र कुशवाहा रालोमो के प्रतिनिधि हैं.
