JDU में एंट्री से पहले ही एक्टिव हुए नीतीश के बेटे निशांत, सुबह-सवेरे पार्टी नेताओं संग की बैठक
बिहार की राजनीति में एक नए युग की आहट सुनाई देने लगी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) में औपचारिक रूप से शामिल होने से पहले ही अपनी सक्रियता बढ़ाकर सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. शनिवार की सुबह निशांत कुमार अचानक जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के दिग्गज नेताओं और युवा विधायकों के साथ एक लंबी अनौपचारिक बैठक की.
निशांत कुमार अब तक राजनीति की चकाचौंध से दूर ही रहे हैं, लेकिन उनकी इस ताजा सक्रियता ने यह साफ कर दिया है कि वे अब संगठन की कमान संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. संजय झा के आवास पर हुई इस बैठक में न केवल नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद माने जाने वाले एमएलसी संजय गांधी और ललन सर्राफ मौजूद थे, बल्कि पार्टी के कई युवा विधायक भी शामिल हुए. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक का मुख्य एजेंडा बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और जेडीयू का सांगठनिक ढांचा था. निशांत ने नेताओं से नीतीश कुमार के काम करने के तरीके, सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और संगठन को भविष्य की चुनौतियों के लिए कैसे मजबूत किया जाए, इस पर विस्तार से चर्चा की.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत की यह ‘प्री-ज्वाइनिंग’ सक्रियता पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के लिए है. संजय झा की मौजूदगी में हुई इस बैठक ने निशांत के कद को पार्टी के भीतर और स्पष्ट कर दिया है. अब बस इंतजार है तो उनकी औपचारिक ज्वाइनिंग का, जो बिहार की सत्ताधारी पार्टी के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है.
