नीतीश कुमार की जेडीयू ने 1 करोड़ सदस्य बनाकर रचा नया इतिहास, 6 महीने में बनाया बड़ा सियासी रिकॉर्ड
बिहार के सत्तारूढ़ गठबंधन एनडी सरकार की प्रमुख पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने सदस्यता अभियान को लेकर बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने जानकारी दी है कि जेडीयू ने छह महीने से भी कम समय में एक करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है. सजय झा के अनुसार, 2 जून 2026 तक प्राथमिक सदस्यों की संख्या एक करोड़ एक हजार नौ सौ पच्चीस पहुंच गई है.
बता दें कि जेडीयू का सदस्यता अभियान 2025-28 की शुरुआत 6 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री और पार्टी के शीर्ष नेता नीतीश कुमार के नेतृत्व में की गई थी. अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और नए लोगों को पार्टी से जोड़ना था. पार्टी का कहना है कि अभियान को राज्यभर में अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला और कार्यकर्ताओं ने गांव से लेकर शहर तक सक्रिय भागीदारी निभाई.
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर पोस्ट कर अभियान की सफलता की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि एक करोड़ से अधिक सदस्यों वाले जेडीयू परिवार में सभी नए सदस्यों का स्वागत है. साथ ही उन्होंने बूथ स्तर तक अभियान को सफल बनाने में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया. संजय झा ने कहा कि पार्टी को मिली यह सफलता संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास को दर्शाती है. उन्होंने बिहार के लोगों को भी अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया देने के लिए धन्यवाद दिया.
वहीं, राजनीति के जानकारों का मानना है कि सदस्यता अभियान की यह सफलता ऐसे समय में सामने आई है जब बिहार की राजनीति आगामी चुनावी चुनौतियों की ओर बढ़ रही है. जेडीयू लगातार अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने पर ध्यान दे रही है. पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है. यही कारण है कि सदस्यता अभियान को केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि नए सदस्यों को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने का भी प्रयास किया गया.
संजय झा ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जेडीयू बिहार के विकास और जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है. पार्टी का दावा है कि सदस्यता अभियान में मिली सफलता से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और संगठन को नई ऊर्जा मिली है. जेडीयू अब सदस्यता अभियान के अगले चरणों पर फोकस कर रही है. पार्टी नेतृत्व का कहना है कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर बिहार के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा.
